नीति घाटी में लापता BRO हवलदार पंकज की तलाश तेज, सीएम धामी ने परिजनों से की बात

चमोली: नीति घाटी में भारी बारिश के बाद उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए BRO के हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को प्रभावी निर्देश दिए हैं। हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की अपील की थी, जिसका मुख्यमंत्री ने स्वतः संज्ञान लेते हुए तत्काल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हवलदार पंकज की तलाश में चल रहे रेस्क्यू एवं सर्च ऑपरेशन की लगातार निगरानी की जाए और अभियान में हरसंभव तेजी लाई जाए। वर्तमान में सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से तलाश अभियान में जुटी हुई हैं।

ये भी पढ़ें:  सीएम धामी को प्रदेशभर से आई बहनों ने बांधा रक्षासूत्र, मुख्यमंत्री ने बहनों का जताया आभार, रक्षाबन्धन की दी शुभकामनाएं

हवलदार पंकज मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और अभियान की प्रगति की नियमित जानकारी ली जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से फोन पर बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और हवलदार पंकज की तलाश के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  प्रदेशभर की सड़कों को दुरुस्त करने के संबंध में कैबिनेट बैठक में हुआ विस्तृत विचार-विमर्श , मानसून के बाद सड़क सुधार के कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के लिए निविदा प्रक्रिया समय से पूर्ण करने पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और आवश्यकतानुसार सभी संसाधनों का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि संकट की इस घड़ी में परिवार को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

तमक नाले में अचानक बढ़े जलस्तर के कारण हवलदार पंकज के लापता होने के बाद से ही विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियां लगातार क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बीच टीमें अभियान को आगे बढ़ा रही हैं। सरकार और जिला प्रशासन की ओर से रेस्क्यू टीमों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  मातृशक्ति का आशीर्वाद ही उत्तराखंड की सेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा – मुख्यमंत्री धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *