खड़गे के दौरे की सफलता से भाजपा बौखलाई : धस्माना

  • गढ़वाल, कुमाऊं और तराई में कांग्रेस की लहर, आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने का दावा।

देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी और रुद्रपुर दौरे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने दावा किया कि खड़गे की रैली और प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक की सफलता से भाजपा में बेचैनी है, जिसके चलते उसके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

रुद्रपुर से लौटने के बाद सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए धस्माना ने कहा कि कुमाऊं मंडल के राजनीतिक केंद्र हल्द्वानी में खड़गे की रैली को असफल करने के लिए भाजपा ने पुलिस का सहारा लेने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के दबाव के चलते यह प्रयास सफल नहीं हो सका। उन्होंने दावा किया कि रैली में भाजपा की उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ जुटी, जिससे भाजपा नेताओं में बेचैनी बढ़ गई।

ये भी पढ़ें:  धामी सरकार में सचिवालय की बढ़ेंगी सुविधाएं, 59.34 करोड़ से बन रहा छह मंजिला भवन

धस्माना ने कहा कि रुद्रपुर में आयोजित प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक की सफलता ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा किया है। उनके मुताबिक, लगातार हो रहे कांग्रेस के बड़े कार्यक्रमों से भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक तस्वीर का अंदाजा हो गया है।

उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को देहरादून में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की सफलता और इसके बाद हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की ऐतिहासिक रैली से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का जनाधार मजबूत हो रहा है।

धस्माना ने दावा किया कि गढ़वाल, कुमाऊं और तराई—तीनों क्षेत्रों में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।

ये भी पढ़ें:  राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रदेश भ्रमण के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान ने की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *